गौ माता के साथ अमानवीय कृत्य दिनारा में आक्रोश की लहर, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज
दिनारा (जिला शिवपुरी)। क्षेत्र में एक शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, दिनारा क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा गौ माता के साथ अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया है कि आरोपी ने न केवल गौ माता के साथ यह अमानवीय हरकत की, बल्कि उसके गुप्तांग में करीब तीन से चार फुट लंबी नुकीली लकड़ी डाल दी, जिससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस वीभत्स घटना की जानकारी मिलते ही गौ सेवक कल्लू महाराज को ग्रामीणों ने फोन पर सूचित किया। सूचना मिलते ही वे अपने साथियों जितेंद्र लोधी, ख्याल सिंह लोधी और दीपक तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल गौ माता को तत्काल उपचार के लिए व्यवस्था कराई और दिनारा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य गंभीर धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौ सेवकों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस घटना से हिंदू संगठनों और गौ भक्तों में भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों ने इस कृत्य को “गौ माता का अपमान” बताते हुए इसे समाज के लिए कलंक करार दिया है। सोशल मीडिया पर भी घटना की व्यापक निंदा हो रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग जोरों पर है।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं गौ रक्षक संगठनों ने घायल गौ माता के उपचार और न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी अमानवीय हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।

Comments
Post a Comment